हाईस्कूल की जिला टॉपर आशी यादव का मुंह मीठा कराते माता-पिता।
- फोटो : MAHOBA
महोबा/चरखारी/बेलाताल। माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड प्रयागराज के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परिणाम शनिवार को जारी कर दिए गए। हरवंश राठौर इंटर कॉलेज जैतपुर की छात्रा आशी यादव ने 94.83 फीसदी अंक पाकर जिला टॉप किया जबकि इंटरमीडिएट में शहर के सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्रा कोमल 90.40 फीसदी अंकों के साथ टॉपर बनीं। टॉपर छात्र-छात्राओं के घरों में जश्न का माहौल रहा। छात्रों के मुकाबले टॉप-10 सूची में छात्राओं का दबदबा रहा।
शनिवार को दोपहर दो बजे हाईस्कूल और चार बजे इंटरमीडिएट के परिणाम जारी हुए। परीक्षा परिणाम जानने के लिए छात्र-छात्राओं में खासी उत्सुकता नजर आई। अधिकांश परीक्षार्थियों ने मोबाइल का सहारा लिया जबकि कुछ छात्र-छात्राएं इंटरनेट कैफे में परिणाम जानते नजर आए। हाईस्कूल में आशी टॉप रही जबकि सरस्वती विद्या मंदिर कॉलेज चरखारी के रमन कुमार 93.67 फीसदी अंकों के साथ दूसरे और ब्रह्मानंद एजुकेशन अकादमी इंटर कॉलेज श्रीनगर की छात्रा अंशिता रिछारिया 91.67 फीसदी अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
इंटरमीडिएट में कोमल ने बाजी मारी जबकि सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चरखारी के शिवम शर्मा 89.40 फीसदी अंकों के साथ दूसरे और इसी विद्यालय की मुस्कान कौशल ने 89.20 फीसदी अंकों के साथ तीसरा स्थान पाया। टॉपर छात्र-छात्राओं को परिजनों व गुरूजनों ने मुंह मीठा कराकर खुशी जताई। हाईस्कूल की टॉप-टेन सूची में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चरखारी और इंटरमीडिएट में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज महोबा का दबदबा रहा। मेधावियों के घर पहुंच बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
इंटरमीडिएट की जिला टॉपर कोमल का मुंह मीठा कराती मां कपूरी यादव।- फोटो : MAHOBA