विधानसभा चुनाव को लेकर अधिकारियों का गांव में भ्रमण कार्यक्रम तेज हो गया है। अधिकारियों ने चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए कमर कस ली है। संवेदनशील और अति अति संवेदनशील गांव के अलावा यूपी-एमपी की सरहद पर बसे गांव पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है।
डीएम अजय कुमार सिंह और एसपी गौरव सिंह ने रविवार को विकासखंड जैतपुर के एमपी की सरहद से सटे ग्राम चमरुआ, धवर्रा और बघौरा का जायजा लिया। गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। चुनाव बाद उनका निराकरण कराए जाने का आश्वासन दिया। साथ ही निडर होकर मतदान करने की बात कही।
डीएम ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रलोभन देने वाले या दबाव बनाने वाले लोगों की तत्काल शिकायत करें। उनका नाम गोपनीय रखा जाएगा। एसपी ने कहा कि आपराधिक प्रवृति के लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर बूथ पर पैरा मिलेट्री फोर्स लगाई जाएगी। इस लिए मतदाताओं को डरने की जरूरत नहीं है।