कस्बा बेलाताल में पैदल गश्त कर लोगों को जागरूक करते डीएम, एसपी व अन्य
- फोटो : MAHOBA
महोबा। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर प्रशासन अलर्ट है। कोरोना नियमों का पालन कराने को जिले के आलाधिकारी गांव-गांव का भ्रमण कर रहे हैं। डीएम एके तिवारी व एसपी मणिलाल पाटीदार ने कस्बा बेलाताल में पैदल गश्त कर लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया। इस दौरान जिले की पुलिस ने बिना मास्क लगाए 205 लोगों के चालान कर जुर्माना वसूला।
बेलाताल में भ्रमण के दौरान डीएम ने लाउडस्पीकर से लोगों को मास्क पहनने व दो गज की दूरी बनाए रखने की अपील की। एसपी ने मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से पहरेज करें। उन्होंने चौकी प्रभारी बेलाताल को पैदल गश्त व चेकिंग के दौरान वाहन चालकों के मास्क की चेकिंग करने व जुर्माने की कार्रवाई करने के आदेश दिए। पैदल गश्त के दौरान एसडीएम कुलपहाड़ मो. उवैस, सीओ कुलपहाड़ अवध सिंह, कोतवाली प्रभारी अभिमन्यु यादव, चौकी प्रभारी बेलाताल सुनील कुमार तिवारी आदि शामिल रहे। लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने व मास्क न लगाने पर 205 लोगों के चालान कर 33,650 रुपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही 46 लोगों के ई-चालान किए।