गुरु गोरखनाथ की तपोस्थली ऐतिहासिक गोरखगिरि
- फोटो : अमर उजाला
महोबा में गुरु गोरखनाथ की तपोभूमि ऐतिहासिक गोरखगिरि से जिले में पर्यटन विकास के द्वार खुलने की उम्मीद जगी है। मंगलवार को उज्ज्वला-2 योजना के शुभारंभ पर महोबा आए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखगिरि को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए एक सप्ताह के अंदर प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए थे।
डीएम सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को 24 घंटे के अंदर प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। स्वीकृति मिलते ही विकास कार्य शुरू होंगे। जिले में पर्यटन विकास को लेकर सदर विधायक राकेश गोस्वामी के प्रयास को मुख्यमंत्री ने प्राथमिकता देकर नई उम्मीद जगा दी है।
सीएम ने मंगलवार को महोबा आगमन पर कार्यक्रम के बीच समय निकालकर सदर विधायक, कमिश्नर व डीएम के साथ चर्चा की। उन्होंने गोरखगिरि के परिक्रमा मार्ग व रोपवे निर्माण के लिए एक सप्ताह के अंदर प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए थे। गोरखगिरि के सुंदरीकरण के लिए पूर्व में भी 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव लंबित हैं।