महोबा। शहर के गांधीनगर निवासी आयुष अवस्थी ने ऑनलाइन स्किल चैंपियनशिप प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया था। रविवार को डीएम ने आयुष को इस कामयाबी पर सम्मानित किया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम मनोज कुमार, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय व सीओ सिटी रामप्रवेश राय ने सम्मानित किया। इस दौरान आयुष के पिता आशीष अवस्थी भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि कौशल विकास मंत्रालय एवं आंतरप्रेन्योर ने वर्ष 2021 में ऑनलाइन जूनियर स्किल चैंपियनशिप का आयोजन किया था। इस चैंपियनशिप में देशभर के 21 हजार स्कूलों के दो लाख से अधिक बच्चों ने हिस्सा लिया था। महोबा जिले से संत जोसफ्स कॉलेज के हाईस्कूल के छात्र आयुष अवस्थी ने भी ऑनलाइन प्रतियोगिता में डिजिटल फोटोग्राफी में प्रतिभाग किया था। इसके लिए आयुष को खुशी थीम पर फोटो खींचने के लिए कहा गया था। उन्होंने गांव के बच्चों की फोटो ली थी जो सभी के दिलों को छू गई। इसके बाद आयुष को दिल्ली के द स्टेन ऑडिटोरियम में अप्रैल माह के पहले सप्ताह में आयोजित कार्यक्रम में गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया था।