महोबा। वायरल बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मरीजों की हालत बेहद नाजुक होने पर डॉक्टरों ने डेंगू की आशंका को लेकर दो दिन के अंदर पांच मरीजों की जांच गई। इस दौरान जिला अस्पताल की लैब में एक सैंपल की रैपिड जांच के दौरान डेंगू की पुष्टि हुई। हालांकि, जब इसी सैंपल की आरटीपीआर लैब में जांच हुई तो डेंगू नहीं निकला।
शुक्रवार को बांदा जिले के निवासी बृजेश व बृजकिशोर जिला अस्पताल महोबा की ओपीडी में इलाज के लिए आए थे। हालत बेहद खराब होने पर डॉक्टरों ने दोनों मरीजों को डेंगू की जांच कराने की सलाह दी। इनमें से एक मरीज की रैपिड जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। शुक्रवार को भी हालत नाजुक होने पर तीन मरीजों की डेंगू की जांच के लिए सैंपल लिए गए। सभी पांचों मरीजों में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई।
शनिवार को पर्चा काउंटर, दवा वितरण कक्ष व डॉक्टरों के कक्षों में मरीजों की कतारें लगी रहीं। इसमें सर्वाधिक मरीज बुखार, खांसी, जुखाम, बदन दर्द आदि से पीड़ित मरीज रहे। सीएमएस डॉ. पवन कुमार अग्रवाल का कहना है कि मौसम में बदलाव से वायरल के मरीज बढ़े हैं।