संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। जिले के कस्बा खन्ना के पास से गुजरे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे प्रस्तावित औद्योगिक गलियारा बनाने के लिए अधिग्रहीत की जा रही भूमि के चार गुने मुआवजे की मांग को लेकर किसान सड़क पर उतर आए। लामबंद किसानों ने कलक्ट्रेट पहुंच प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम मृदुल चौधरी को सौंपा।
औद्योगिक गलियारे के निर्माण को लेकर कवायद तेजी से चल रही है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दावे और अपत्तियां मांगी गई हैं। बावजूद इसके किसान असंतुष्ट नजर आ रहे हैं। अधिग्रहित हो रही करीब 100 एकड़ भूमि से प्रभावित होने वाले किसानों ने सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा दिए जाने की मांग की है। किसानों का कहना था उम्मीद थी की सरकार भूमि अधिग्रहण के दौरान सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा देगी, लेकिन ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा। इस दौरान किसान अरविंद, लल्लूराम, राकेश, रामआसरे, मुकेश, सेवाचरण पाल, सुंदरलाल आदि मौजूद रहे।
-
वर्जन
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से लगे खन्ना क्षेत्र में औद्योगिक गलियारा बनाने के लिए भूमि अधिग्रहित की जा रही है। किसानों ने अधिग्रहीत हो रही भूमि को लेकर प्रार्थना पत्र दिया है। उनकी मांगों को शासन तक पहुंचा दिया जाएगा। जो भी निर्देश मिलेंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राम प्रकाश, एडीएम वित्त एवं राजस्व