महोबा। विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये के घोटाले मामले में कार्रवाई न होने से नाराज सामाजिक कार्यकर्ता जनक सिंह परिहार ने ग्रामीणों के साथ बुधवार से आमरण अनशन शुरु कर दिया है। चेतावनी दी है कि दोषी ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई न होने तक अनशन जारी रहेगा।
ब्लॉक कबरई के पिपरामाफ गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता जनक सिंह ने ग्रामीणों के साथ एक सप्ताह पहले जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया था कि सिंचाई विभाग द्वारा गांव के किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। जिससे तमाम ऐसे लोगों के नाम थे। जिनकी पहले ही मौत हो चुकी है। इस मामले की जांच कराने के लिए कई बार विभागीय व उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन आजतक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह ग्राम पंचायत पिपरामाफ में तैनात रहे ग्राम विकास अधिकारी द्वारा फर्जी तरीके से बगैर काम कराए ही लाखों रुपये की धनराशि निकाल ली गई। शिकायत पर अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कार्रवाई न होने पर सामाजिक कार्यकर्ता ने बुधवार से बस स्टैंड पिपरामाफ में आमरण अनशन शुरू किया है। उनके समर्थन में उत्तम नायक, पुष्पेंद्र सिंह परिहार, कुशल यादव, बारेलाल कुशवाहा, शिवम नायक, कृष्ण देव त्रिपाठी, अंकित सिंह आदि ग्रामीण बैठे हैं।