चरखारी (महोबा)। कस्बा चरखारी में चल रहे अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट में मंगलवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में दिल्ली की टीम ने करमपुर और दूसरे सेमीफाइनल में लखनऊ ने इटारसी को हराया। अब टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार को दिल्ली व लखनऊ की टीम के बीच होगा।
अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट के छठवें दिन पहला सेमीफाइनल दिल्ली व करमपुर (गाजीपुर) के बीच हुआ। जिसमें दोनों ही टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई। पहले हाफ में दोनों टीमों का खेल बराबर पर रहा। खेल के दूसरे हाफ में 38वें मिनट में दिल्ली के प्रत्यूष सिंह झा ने फील्ड गोल करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिलाई।
खेल के अंतिम क्षणों के 54वें मिनट में पंकज ने एक और गोल दाग दिया। इससे दिल्ली की टीम को 2-0 से जीत मिली। इसी के साथ दिल्ली की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा सेमीफाइनल इटारसी व लखनऊ के बीच खेला गया। मैच के पहले हाफ के 25वें और 29वें मिनट में लखनऊ के प्रशांत शुक्ला ने दो गोल दागते हुए अपनी टीम को 2-0 से जीत दिलाई।
इसी के साथ लखनऊ की टीम भी फाइनल में पहुंची। मैच के अंपायर शहनवाज, शरीफ हुसैन, मो. जावेद झांसी व जावेद अल्ताफ रहे जबकि जज के रूप में सुनील चौधरी और दिलशाद मौजूद रहे।