पनवाड़ी (महोबा)। थाना पनवाड़ी के मसूदपुरा गांव से 10 दिन से लापता युवक का शव धसान नदी के समीप जंगल में पेड़ पर लटकता मिला। शव पांच से छह दिन पुराना माना जा रहा है। पिता ने बेटे की हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है।
मसूदपुरा गांव निवासी उदयभान का पुत्र अजेंद्र राजपूत (25) गुजरात में एक धागा फैक्टरी में काम करता था। 12 मई को वह गांव लौटा था। दो दिन तक वह गांव में दोस्तों के साथ देखा गया। इसके बाद लापता हो गया। परिजनों ने खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार की देर शाम कुछ लोग धसान नदी के समीप स्थित बराना मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे। तभी दुर्गंध आने पर लोगों ने जंगल के समीप जाकर देखा तो एक युवक का शव फांसी पर लटकता मिला।
मृतक की शिनाख्त अजेंद्र राजपूत के रूप में की। मृतक के पैर जमीन में रखे होने के चलते हत्या के बाद शव लटकाने की आशंका जताई जा रही है। पिता उदयभान का आरोप है कि सूरत से उसका पुत्र 50 से 60 हजार रुपये लेकर आया था, जो गायब हैं। हत्या कर शव को लटकाया गया है। थानाध्यक्ष शिवआसरे का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है।