महोबा। जिले के खन्ना कस्बे से निकले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ट्राला से नीचे उतरे खलासी को पीछे से आ रही डीसीएम ने टक्कर मारकर रौंद दिया। दुर्घटना में खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। ट्राला चालक की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के जनपद नागौर के मेड़ता निवासी मनोहर (35) ट्राला चालक है। शनिवार रात करीब 12 बजे वह चित्रकूट जिले से ट्राला लेकर खलासी सुरेशचंद्र (32) के साथ राजस्थान जा रहा था। तभी रास्ते में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के चैनेज संख्या 96.3 के पास खलासी सुरेशचंद्र ट्राला से उतरकर नीचे खड़ा हो गया। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार डीसीएम ने खलासी को रौंद दिया और ट्राले से भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में खलासी की मौके पर मौत हो गई।
दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। चालक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर वाहनों की भिड़ंत होने से करीब एक घंटे आवागमन प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से अलग कराया। तब आवागमन बहाल हो सका।