विकासखंड कबरई के ग्राम सलारपुर में शिविर लगाकर 483 किसानाें को 59.38 लाख रुपये क्षतिपूर्ति की चेकें वितरित की गईं। चेकें पाने के लिए शिविर में किसानाें की भारी भीड़ जुटी रही । वहीं चेक पाकर किसानाें ने राहत महसूस की।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय सलारपुर में जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह की मौजूदगी में सोमवार को क्षतिपूर्ति चेक वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसलाें की क्षतिपूर्ति की 483 किसानाें को चेक वितरित कीं। इस दौरान 59.38 लाख रुपये की चेकाें का वितरण किया गया। चेक पाकर किसानाें ने राहत महसूस की। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि अभी किसानाें को असिंचित क्षेत्र में पुरानी दर के अनुसार साढ़े चार हजार रुपये प्रति हेक्टेयर और सिंचित क्षेत्र में नौ हजार रुपये प्रति हेक्टेयर क्षतिपूर्ति धनराशि दी जा रही है। नए रेट के अनुसार जल्द ही शासन से पैसा आ रहा है। जिसे किसानों के सीधे बैंक खातों में भेजा जाएगा। डीएम ने कहा कि हर किसान अपनी-अपनी बैंक की पासबुक की फोटो कापी संबंधित लेखपाल को दे दें। ताकि कम से कम समय में किसानों को पैसा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि क्षतिपूर्ति वितरण में किसी भी प्रकारी की धोखाधड़ी या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने किसानों को एक सप्ताह के अंदर शत प्रतिशत मुआवजा देने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप जिलाधिकारी प्रबुद्ध सिंह, प्रभारी तहसीलदार कर्मवीर सिंह, प्रधान प्रतिनिधि फूल सिंह, कानूनगो मिथलेश दीक्षित, लेखपाल सीताराम मौजूद रहे।