द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर में सावन मास को लेकर की गई तैयारियां
- फोटो : MAHOBA
महोबा। सावन मास के पहले सोमवार को लेकर मंदिरों व शिवालयों में तैयारियां पूरी हो गईं हैं। सोमवार की सुबह से शिवालय बम-बम भोले के जयकारों से गुंजायमान होंगे। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों के बाहर पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
मान्यता है कि सावन में भगवान शिव की पूजा-आराधना करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। शहर के शिवतांडव मंदिर, रामकथा मार्ग स्थित द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर, बलखंडेश्वर मंदिर, बड़ी चंद्रिका स्थित विशाल शिव मंदिर समेत सभी शिव मंदिरों में सावन मास को लेकर रंगाई-पुताई के साथ साफ-सफाई कराई गई है। भक्तों के आने-जाने के रास्तों को दुरुस्त कराया गया है। द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर के पुजारी पूरनलाल रिछारिया ने बताया कि कोरोना संक्रमण को लेकर कम संख्या में भक्तों को प्रवेश दिया जाएगा।
मास्क व सामाजिक दूरी का पालन कराया जाएगा। मंदिर में 11 हजार मिट्टी के शिवलिंग बनाए जाएंगे।
ज्योतिषाचार्य पंडित भरत त्रिपाठी ने बताया कि सनातन धर्म में सावन माह का विशेष महत्व होता है। सावन का पहला सोमवार 26 जुलाई को रहा है। इस बार सावन में चार सोमवार पड़ रहे हैं। सावन सोमवार के दिन सूर्योदय से पहले उठकर स्नान कर लें और पूजा की तैयारी कर लें। ओम नम शिवाय: मंत्र से शिवजी का पूजन करें, जिससे सभी मनोकामनाएं पूरी होती है।