महोबा। भगवती मानव कल्याण संगठन एवं पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्घाश्रम ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में शंख ध्वनि के बीच मातारानी के जयकारे गूंजते रहे। इस दौरान लोगों ने नशा व मांसाहार मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।
शहर के एक गेस्ट हाउस में आयोजित महाआरती में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगने लगी। हाथों में आरती लेकर भक्तों ने मां की आराधना की। प्रदेश महासचिव योगेंद्र अवस्थी ने कहा कि आज मानव अपने मूल कर्तव्यों से भटक चुका है। भगवती मानव कल्याण संगठन राष्ट्र रक्षा व मानव कल्याण के लिए कार्यरत है। संगठन की विचारधारा अपनाकर समाज कल्याण में अपना जीवन समर्पित करें। नशे के कारण ही समाज का पतन हो रहा है।
संगठन के जिला उपाध्यक्ष रामबाबू श्रीवास ने भक्तों को साधना क्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गुरु शक्ति पुत्र महाराज की विचारधारा जन-जन तक पहुंचाने के लिए महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। मौके पर अखिलेश कुमार शिवहरे, धीरेंद्र यादव, बृजेंद्र, रमाकांत, गोविंद, संगीता, लक्ष्मी, माया, आशुतोष, मलखान समेत तमाम भक्त मौजूद रहे।