महोबा। मौसम में अचानक हुए बदलाव से सर्दी, खासी, जुकाम व बुखार के मरीजों में इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल और प्राइवेट क्लीनिकों में मरीजों की भारी भीड़ जुट रही है। रविवार को बुखार से पीड़ित मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं कई मरीजों का उपचार जिला अस्पताल के वार्डों में भर्ती किया जा रहा है।
तीन दिन से मौसम का मिजाज बदल गया है। शीत लहर और सुबह- शाम ठंड से लोग बीमारी की चपेट में आ रहे है। मासूम बच्चे सर्दी जुकाम व उल्टी दस्त से ग्रसित है। जिससे मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। रविवार को अवकाश का दिन होने के बाद भी जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उपचार को मरीजों की भीड़ जुटी रही। प्राइवेट क्लीनिकों में भी मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
जनपद हमीरपुर के ग्राम गहरौली निवासी लालसिंह का पुत्र हर्ष (6 माह) बीते तीन दिन से बीमार चल रहा था। परिजनों ने उसका उपचार प्राइवेट क्लीनिकों में कराया। रविवार को अचानक उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल लाए जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी प्रकार ग्राम मुड़हरा निवासी देवीदीन (55) की बीमारी के चलते हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल ला रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटनाओं से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
बाल रोग विशेषज्ञ डा. आरपी मिश्रा ने बताया कि सर्दी का मौसम स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माना जाता है। अचानक मौसम बदलने पर सावधानी बरतें। गर्म व ऊनी कपड़ों से शरीर ढ़ककर रखें । जिससे उन्हें ठंड से बचा जा सके।