श्रीनगर (महोबा)। कैमाहा नौंगाव रोड पर लुहेड़ी के पास आईएएस मृदुल चौधरी ने सोमवार की रात को बिना रायल्टी और ओवरलोड जा रहे 10 ट्रक को सीज कर दिया। इसकी सूचना खनिज विभाग और सेल्स टैक्स कोे भेजी है। पुलिस ने सभी ट्रकों को कब्जे में ले लिया है।
जिले में पिछले कई दिन से ओवरलोड और बिना रायल्टी के चल रहे ट्रकों की शिकायत जिला प्रशासन को मिल रही थी। जिलाधिकारी रामविशाल मिश्रा के निर्देश पर सोमवार रात चेकिंग अभियान चलाया गया। रात में बालू के घाटों से जैसे ही ट्रक निकलने लगे, तभी नौगांव कैमाहा रोड पर पहले से खड़े ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मृदुल चौधरी, तहसीलदार कर्मवीर सिंह ने बालू लदे ट्रकों को रोक लिया अधिकतर ट्रक ओवर लोड थे। कई ट्रक के पास माल के अनुसार रॉयल्टी नहीं थी। टीम ने बिना रायल्टी के ट्रकों को पकड़ लिया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने सभी ट्रकों को सीज कर पुलिस के हवाले कर दिया। अधिकारियों की इस कार्रवाई से बालू माफियाओें में खलबली मच गई है।