कोतवाली में पीड़ित परिवार के साथ बैठीं गुलाबी गैंग की महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम किड़ारी में तीन दिन पहले महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज न किए जाने से नाराज गुलाबी गैंग की महिलाओं ने सोमवार को शहर कोतवाली का घेराव कर नारेबाजी की। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर महिलाओं को शांत
कराया। हमीरपुर जनपद के कस्बा राठ के मोहल्ला शिकंदरपुरा निवासी कोमल पुत्र रामदास ने अपनी पुत्री रेखा की शादी चार वर्ष पूर्व महोबा के ग्राम किड़ारी निवासी अखिलेश से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर रेखा को प्रताड़ित करने लगे। 25 नवंबर को रेखा की
संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता कोमल ने ससुरालीजनों पर बेटी की हत्या का आरोप लगा कर कोतवाली में तहरीर सौंपी लेकिन पुलिस ने पिता को भगा दिया।मामले की जानकारी होने पर गुलाबी गैंग की जिला कमांडर फरीदा बेगम सोमवार को महिलाओं की भीड़ और पीड़ित परिवार
को लेकर कोतवाली पहुंच गईं और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली का घेराव कर लिया। कोतवाली प्रभारी जेपी यादव का कहना है कि जांच के बाद तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है।