कस्बा कुलपहाड़ के मोहल्ला टोरियापुरा में रविवार की रात चोरों ने तीन मकानों से नगदी सहित लाखों का माल चोरी कर ले गए। सोमवार की सुबह पीड़ितों के बक्से व अटैचियां गांव के बाहर खेत में पड़े मिले। सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर जांच शुरू की है।
मोहल्ला टोरियापुरा निवासी रतीराम रैकवार रेलवे से रिटायर्ड है। रविवार की रात गर्मी होने के कारण परिवार सहित आंगन में सो रहे थे। रात में चोर दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे और कमरे में रखे अटैची व बक्से चोरी उठा ले गए। इसके बाद चोरों ने जयसिंह यादव के मकान से सात हजार की नकदी व करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवर चोरी किए। इसी मोहल्ले के बब्बू चौरसिया के मकान में घुसे चोर 23 हजार की नकदी व जेवरात ले गए।
सोमवार की सुबह जब पीड़ित जागे तो सामान बिखरा पड़ा देख परेशान हो गए। पीड़ित रतीराम ने बताया कि चोर उसके यहां से 78 हजार की नकदी व करीब 250 ग्राम सोने के जेवरात चोरी कर ले गए है। खाली बक्से गांव के बाहर खेत में पड़े मिले। पीड़ितों ने घटना की तहरीर कोतवाली में सौंपी। सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई। कोतवाली प्रभारी सतीशचंद्र शुक्ला का कहना है कि जांच कराई जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ा जाएगा।