श्रीनगर (महोबा)। थाना क्षेत्र के ग्राम ननौरा में पत्नी की मौत के गम में पति ने फांसी लगाकर जान दे दी। माता-पिता की मौत के बाद छोटे छोटे तीन बच्चे अनाथ हो गए। बेटे के जवान बेटे की मौत के बाद बुरा हाल है।
ग्राम ननौरा निवासी माया (25) पत्नी जमुना प्रसाद कुशवाहा कैंसर से पीड़ित थी। इलाज कराने के बाद भी दो माह पहले माया की मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद से जमुना प्रसाद काफी परेशान रहने लगा। वृद्ध पिता के समझाने बुझाने के बाद कुछ खाना खा लेता था। मृतक के पिता कढ़ोरी कुशवाहा ने बताया कि पत्नी के गम में बेटा अक्सर उसकी बातें करते करते रो पड़ता था। गुरुवार की रात परिवार छत पर सोया था तभी जमुना प्रसाद ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह परिजनों ने उसका शव फांसी पर लटका देखा। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।