कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में सूरा चौकी के समीप एक मारुति वैन आग का गोला बन गई। आग लगने से चालक और उसके साथी ने कूदकर किसी तरह जान बचाई। हाईवे में दोनों तरफ जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
मध्यप्रदेश के कस्बा गढ़ी मलहरा के ग्राम कनेरा निवासी मेवालाल कुशवाहा अपने साथी लक्ष्रीराम के साथ मारुति वैन लेकर महोबा आया था। मैकेनिक के मारुति ठीक कराने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। सूरा चौकी के समीप कार में रखे गैस सिलिंडर में आग लग गई।
दोनों ने कार से कूदकर जान बचाई। सूचना पर थाना श्रीनगर पुलिस और फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इससे पहले महोबकंठ व कुलपहाड़ में मारुति वैन आग का गोला बन चुकी है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।