कबरई (महोबा)। प्रदेश सरकार द्वारा फर्जी रायल्टी रोके जाने के लिए ई-रायल्टी जारी करने के बाद भी माफियाओं ने फर्जीवाड़ा कर दिया। रविवार को बांदा रोड पर खनिज बैरियर में रायल्टी को स्केनर में चेक किया गया तो वह फर्जी निकली।
सत्तापक्ष से जुड़े कुछ लोगाें द्वारा जिले में फर्जी रायल्टी का कारोबार किया जा रहा है। जिससे राज्य सरकार द्वारा फर्जीवाड़ा रोकने के लिए शुरू की गई ई-रायल्टी की व्यवस्था भी फेल हो रही है। फर्जी रायल्टी के धंधे में लगे माफिया लाखों रुपये का गोलमाल कर रहे है और खनिज विभाग के अधिकारी कोई ध्यान नही दे रहें है।
रविवार को कबरई के खनिज बैरियर में फर्जी रायल्टी पकड़े जाने पर बैरियर के कर्मचारियों से सत्ता से जुड़े लोगों ने जमकर अभद्रता की और कर्मचारियों की गाड़ी की चाबी छीन ले गए। खनिज बैरियर के कर्मचारियों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की गाड़ी आती देख कारोबार से जुड़े माफिया खिसक गए। रायल्टी फर्जी पाए जाने पर खनिज अधिकारी ए के सेन ने डंपर चालक के खिलाफ थाना कबरई में मुकदमा दर्ज करा गाड़ी को सीज कर दिया है।