बहू ने ससुर को सोते समय कुल्हाड़ी से काट डाला। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पति की मौत के बाद आए दिन ससुर के तानों से परेशान बहू ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम गोरखा निवासी विश्वनाथ (75) अहिरवार के पुत्र ब्रजेंद्र सिंह की आठ माह पहले बीमारी से मौत हो गई थी। बहू ममता के मुताबिक पति की मौत के बाद ससुर उसको घटना का जिम्मेदार ठहराते हुए ताने देता था। जिससे वह परेशान रहती थी।
रविवार रात ससुर विश्वनाथ गर्मी के चलते घर के बाहर बने चबूतरे पर सो रहे थे। तभी रात करीब 12 बजे ममता ने धारदार कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। गले में कई प्रहार किए जाने से विश्वनाथ की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद भारी संख्या में ग्रामीणाें की भीड़ एकत्र होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद बहू चीख-चीख कर कह रही थी कि मेरे पति की मौत ससुर की वजह से हुई थी इसलिए मैंने इसे मार डाला। पुलिस ने सास शोभारानी की तहरीर पर बहू ममता पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।