कोतवाली चरखारी के ग्राम बगरौन में पैसे के लेनदेन में तीन लोगों ने ठेकेदार के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। मृतक के बेटे ने घटना की तहरीर तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली चरखारी में दी है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।ग्राम बगरौन निवासी अमरसिंह और महोबा
निवासी सलीम अहमद मजदूरों को हरियाणा मजदूरी के लिए ले जाने की ठेकेदारी करते हैं। अमर सिंह ने चार माह पहले सलीम से डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे। कई बार मांगने के बाद भी पैसा न देने पर कुछ दिन पहले दोनों में विवाद होे गया था। जिससे दोनों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी भी दी थी।
शुक्रवार की शाम सलीम अपने साथी कल्लू और स्वामी कुशवाहा के साथ तमंचा लेकर अमर सिंह के घर पहुंच गया और घर में बैठे उसके पिता मनप्यारे (55) से अमर सिंह के बारे में पूछने लगा। अमर सिंह के घर पर न होने पर गाली गलौज शुरू कर दी। उसके पिता मनप्यारे ने गाली देने से मना किया तो
वह मनप्यारे से ही अभद्रता करने लगा जिससे दोनों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सलीम ने मनप्यारे पर अवैध तमंचे से गोली मार दी जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण कर घटना का पर्दाफाश किए जाने का आश्वासन दिया है।