दुकानों व मकानों से चोरी की घटनाएं तो आए दिन होती हैं, लेकिन थाने के अंदर से चोरी हो जाए तो पुलिस के लिए इससे शर्मनाक बात और कोई नहीं हो सकती। कुछ ऐसा ही खन्ना थाने में हुआ। तीन माह पूर्व दुर्घटना के बाद एक ट्रक को थाना परिसर में खड़ा कराया गया था। जिसकी बैटरियां चोरी हो गई है। मामले की जानकारी लेने पर एसओ कहते है कि बैटरियां चोरी हो गई, इसके लिए मैं क्या करू।
हरियाणा के हतीन का ट्रक बिजवाड़ा जा रहा था। चिचारा बस स्टैंड के समीप जनवरी माह में दुर्घटना हो गई थी। जिसमें दो छात्राएं घायल हुई थी। सूचना पर पुलिस ने ट्रक को थाना परिसर में खड़ा कराते हुए जांच पड़ताल शुरू की थी। ट्रक मालिक ने 17 अप्रैल को कागजात पूरे कराकर थाने मेें पेश किया। सोमवार को पुलिस ने ट्रक लेने आए गाजियाबाद निवासी मोहम्मद फुरकान पुत्र यामीन को चाबी सौंप दी और ट्रक ले जाने की बात कही।
जब फुरकान ने ट्रक से 20 हजार रुपये कीमत की दोनों बैटरियां गायब देखी तो इसकी जानकारी थाना प्रभारी को दी। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस कर्मियों ने ही बैटरी गायब कराई है। बैटरियां गायब होने के चलते चालक ट्रक नहीं ले गया। उसने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी है। थाना प्रभारी राम केवल पटेल ने इस बारे में बताया कि ट्रक से बैटरियां चोरी हो गई इसके लिए मैं क्या करू। यदि चालक तहरीर देता है तो रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल कराई जाएगी।