अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। इलाहाबाद जोन के एडीजी एसएन सावत ने थानाध्यक्षों और कोतवाली प्रभारियों को चेताया। कहा कि हर हालत में अपराधों में अंकुश लगना चाहिए। जिस थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं बढ़ेगी वहां के थानाध्यक्षों की खैर नहीं है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। इसके लिए महिला थानाध्यक्ष व पुलिस कर्मचारी सादा वर्दी में नगर का भ्रमण कर मनचलों को चिंहित कर कार्रवाई करें।
एडीजी बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में अपराध समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर पैनी नजर रखे। छोटी सी घटना की सूचना मिलने पर लापरवाही न बरते बल्कि थानाध्यक्ष या सब इंस्पेक्टर स्वयं मौके पर जाए और अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सलाखों के पीछे भेजे। उन्होंने कहा कि अपराधियों के साथ किसी भी तरह की रियायत नहीं बरती जानी चाहिए। लंबित विवेचनाओं का समय से निस्तारण करें। इसके बाद यूपी 100 डायल पीआरवी की बैठक ली और उन्हें फोन आने पर जल्द से जल्द मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
रात में करीब 8 बजे कोतवाली का निरीक्षण कर पुलिस कर्मचारियों की समस्याएं सुनी और उन्हेें निडर होकर कार्य करने के निर्देश दिए। इसके बाद एडीजी ने पुलिस फोर्स के साथ नगर में पैदल मार्च निकालकर शांति का संदेश दिया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक एन कोलांची, जिलाधिकारी सहदेव, सीओ सदर जितेंद्र दुबे, कोतवाली प्रभारी विक्रमाजीत सिंह सहित भारी पुलिस फोर्स मौजूद रहा।