महोबा। नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को ठगी का शिकार बनाए जाने के मामले लगातार उजागर हो रहे है। शहर में प्रशिक्षण देकर नौकरी लगवाने का लालच देकर एक प्राइवेट कंपनी युवाओं को ठगी का शिकार बना रही है। रविवार को पैसा देने के बाद भी नौकरी न लगने पर कुछ युवाओं ने विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता करते हुए निकाल दिया गया। पीड़ितों ने शहर कोतवाली व पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर जांच कराकर कार्रवाई करने और पैसा वापस दिलाए जाने की मांग की है।
जनपद बलरामपुर के ग्राम देवी पाटिल निवासी फरहान रायनी व वनकसिया निवासी मुबीन अहमद ने शहर कोतवाली पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनका संपर्क गांव के ही एक युवक से हुआ था, जिसने महोबा में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 19-19 हजार रुपये जमा कराए थे। दो माह पूर्व उन्हें महोबा बुलाया गया और प्रशिक्षण की बात कही गई। वह किराए से कमरा लेकर प्रशिक्षण लेते रहे लेकिन जब उन्होंने नौकरी दिलाने की बात कही तो उन्हें टहलाया जाता रहा। रविवार को नौकरी देने की बात कहने पर उनके कमरे का सामान फेंक दिया गया और अभद्रता करते हुए वापस देने से इनकार कर दिया। ठगी का शिकार युवकों ने बताया कि जहां प्रशिक्षण दिया जा रहा है वह आधा सैकड़ा से अधिक युवा जुड़े है। जिन्हें नौकरी का लालच देकर पैसा लिया जा रहा है। उन्होंने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराकर एफआईआर दर्ज कराते हुए कार्रवाई की जाएगी। धोखाधड़ी करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। गौरतलब है कि इससे पूर्व मानव कल्याण विकासवादी संस्थान द्वारा लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया था। बाद में इस संस्था के फर्जी निकलने पर उसे सीज कर दिया गया था।
नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से हजारों की ठगी
- विभिन्न जनपदों के युवाओं से प्रशिक्षण के नाम पर ऐंठी जा रही रकम
- ठगी का शिकार युवकों ने कोतवाली पुलिस व एसपी से की शिकायत