थाना खन्ना के एक गांव में छह माह पहले गैंगरेप व लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी।
आरोपी आए दिन परिवार को राजीनामा न करने पर जानमाल की धमकी दे रहे है। इससे पीड़ित परिवार ने रिश्तेदाराें के यहां शरण ली है। सोमवार को परिवार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना खन्ना के एक गांव में पांच मार्च 2017 को दंपत्ति खेत में फसल की कटाई कर रहे थे। तभी कार सवार छह लोग वहां पहुंच गए और पति की पिटाई कर घायल कर दिया।
इसके बाद दबंगाें ने महिला के साथ गैंगरेप करते हुए लूटपाट की थी। पीड़िता ने घटना की तहरीर थाने में सौंपी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। 28 जून 2017 को न्यायालय के आदेश पर हरीकिशन, श्रीचंद्र, वासुदेव, सहाबुद्दीन, उदित नारायण आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस आज तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। सोमवार को पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया कि दबंग घर आकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे है।
-गैंगरेप व लूटपाट के आरोपियाें को नहीं पकड़ रही पुलिस
-आरोपियों की धमकी से पीड़ित परिवार ने छोड़ा गांव
- पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की लगाई गुहार