अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। कस्बा कुलपहाड़ केे मोहल्ला कटबरिया में विद्युत चेकिंग अभियान के दौरान कनेक्शन काट रही बिजली टीम को उपभोक्ताओं ने दौड़ा लिया। गाली-गलौज और धक्कामुक्की में एसडीओ का चश्मा गिर गया। बिजली टीम ने खबर लिखे जाने तक किसी प्रकार की तहरीर कोतवाली कुलपहाड़ में नहीं दी।
उच्चाधिकारियों के आदेश पर विद्युत विभाग द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें बड़े बकाएदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। गुरुवार की शाम विद्युत विभाग की टीम एसडीओ विकास श्रीवास्तव के नेेतृत्व में कस्बा कुलपहाड़ के मोहल्ला कटबरिया में चेकिंग अभियान चला रही थी। उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाने से वह भड़क उठे और अधिकारियों व कर्मचारियों से नोकझोंक करने लगे। इस दौरान लाइनमैन से धक्कामुक्की भी हुई। बीच बचाव करने पर एसडीओ का चश्मा गिर गया। उपभोक्ताओं को लामबंद देख अधिकारी व कर्मचारी मौके से जान बचाकर भाग निकले। मामले में एसडीओ से बात करने की कोशिश की गई तो पूरी रिंग जाने के बाद भी फोन नहीं उठा। वहीं कोतवाली प्रभारी बृजेंद्र सिंह का कहना है कि अभी तक उन्हें घटना की कोई तहरीर नहीं मिली है।