महोबा। थाना कबरई के ग्राम कौहारी में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने तीन सगे भाइयों पर जानलेवा हमला बोल दिया। लाठी डंडे व कुल्हाड़ी से मारपीट किए जाने से तीनों भाई लहूलुहान हो गए। तब आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। गंभीर हालत में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई ले जाया गया। जहां से डाक्टरों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों के बहनाई ने घटना की तहरीर थाना कबरई में सौंप दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ग्राम कौहारी निवासी छत्रपाल, लालसिंह व राजकुमार पुत्रगण देवसिंह का गांव में ही पुराना विवाद चल रहा था। रविवार को तीनों भाई खेतों पर काम करने गए थे। तभी दबंग शराब के नशे में घर आ गए और गाली गलौज करने लगे। किसी के बाहर न निकलने पर आरोपी चले गए। जब तीनों भाई घर लौटे तो महिलाओं ने पूरी घटना बताई। उलहना देने दबंगों के घर गए तीनों भाइयों पर लाठी डंडे और धारदार कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। एक के बाद एक कई प्रहार किए जाने से तीनों भाई अचेत होकर गिर गए। सूचना पर परिजनों ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कबरई पहुंचाया। जहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों के बहनोई अमित सिंह ने घटना की तहरीर थाना कबरई में सौंप दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
दबंगों ने तीन भाइयों पर बोला जानलेवा हमला
- लाठी डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किए जाने पर तीनों की हालत नाजुक
- तीनों भाइयों को सीएचसी कबरई से जिला अस्पताल किया गया रेफर