युवक ने फांसी का फंदा लगाकर जान दी
अमर उजाला ब्यूरो
खरेला (महोबा)। गांव जरौली में गुरुवार की रात शादी समारोह से लौटे युवक ने कच्चे मकान की अटारी में लट्ठे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजन जागे तो तौलिया के फंदे से युवक का शव लटका देखा। घटना की सूचना तुरंत खरेला थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही हैं।
गांव जरौली निवासी पुष्पेंद्र (22) पुत्र मलखान विश्वकर्मा गुरुवार की रात गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब 12 बजे वह घर लौटा और अपने कमरे में चला गया। रात में किसी समय लट्ठे से तौलिये का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सुबह जब परिजन जागे तो फंदे से शव लटकता देखा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटना की बारीकी से जांच करते हुए परिजनों से पूछताछ की। पिता मलखान ने बताया कि उसके तीन पुत्र हैं, पुष्पेंद्र दूूसरे नंबर का था। खेती किसानी में बेहतर पैदावार न होने पर पुत्र मेहनत मजदूरी का काम करते है। उसने बताया कि घर में किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ। उधर, थानाध्यक्ष खरेला विजय प्रताप सिंह का कहना है कि घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है।