पनवाड़ी महोबा। थाना पनवाड़ी के ग्राम स्योड़ी में शनिवार की रात एक मकान में लगी आग से खाद्यान्न व गृहस्थी समेत दो लाख रुपये कीमत का माल जलकर राख हो गया। ग्रामीणों के एकजुट प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित की सूचना पर राजस्व लेखपाल ने मौके पर पहुंच अगिभनकांड में हुई क्षति का आकलन कर सरकारी सहायता मिलने का भरोसा दिया।
ग्राम स्योड़ी निवासी भीकम सिंह शनिवार की रात परिवार के साथ कच्चे मकान में सो रहा था। तभी अचानक आग लग गई। आग की लपटे व धुएं का गुबार भरने पर परिजनों की आंख खुल गई। किसी तरह परिजनों ने बाहर निकल अपनी जान बचाई। शोर शराबा सुन एकत्र हुए ग्रामीणों ने आसपास स्थित जलस्रोतों से पानी लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। लेकिन तब तक मकान में रखा करीब एक लाख रुपये कीमत का खाद्यान्न, गृहस्थी व अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित की सूचना पर रविवार की सुबह लेखपाल व ग्राम प्रधान ने मौके पर पहुंच जांच की।