चरखारी महोबा। नगर में सड़क किनारे और धार्मिक स्थलों के पास अवैध तरीके से झुग्गी, झोपड़ी व लकड़ी के डिब्बे रखकर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने अतिक्रमण अभियान चलाकर बुलडोजर चलवाकर अवैध कब्जे हटवा दिए। इससे अवैध कब्जाधारकों में खलबली मच गई।
नगर में सड़क किनारे लोगों द्वारा झुग्गी झोपड़ी बनाकर अवैध कब्जे कर लिए है। कुछ लोगों ने संतोषी माता मंदिर बस स्टैंड के पास गुमटी बनाकर अवैध कब्जा कर लिया है। नागरिकों द्वारा की जा रही अवैध कब्जे की शिकायतों को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार परशुराम, इंजार्च कोतवाली प्रभारी हरीराम ने नगर पालिका की टीम लेकर नगर में अतिक्रमण अभियान की शुरुआत कर दी।
अतिक्रमण दौरान सबसे पहले संतोषी माता मंदिर बस स्टैंड के पास अवैध तरीके से रखी गुमटी और डिब्बों पर बुलडोजर चलवाया। जिससे हड़कंप मच गया। अतिक्रमण अभियान की शुरुआत होने की खबर लगते ही सड़क किनारे रखी तमाम गुमटियां व लकड़ी के डिब्बे लोगों ने हटा लिए। संतोषी माता मंदिर के पास गुमटियां और झोपड़ियां न हटाए जाने और दीवार बनाकर टट्टर लगे अवैध कब्जे को प्रशासन ने हटवाया दिया। अवैध कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
अवैध कब्जों पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर