महोबा। शहर के एक गेस्ट हाउस में गुरुवार की रात जनाती और बराती के बीच जमकर मारपीट हुई। मामला बढ़ने पर लाठी डंडे चटकने से चार लोगों के सिर फट गए। मुख्य मार्ग में लोगों की भीड़ एकत्र हो जाने और वाहनों के आड़े तिरछे खड़े होने से जाम लग गया। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। करीब एक घंटे तक लगे जाम से वाहन चालक परेशान रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनपद हमीरपुर के कस्बा मुस्करा से सोमवार की रात रामकिशन की बरात शहर के एक गेस्ट हाउस में आई थी। डीजे की धुन पर झूमते हुए बाराती पहुंचे। दरवाजे पर टीका की रश्म के दौरान बरातियों व वधू पक्ष के लोगों में बैठने को लेकर विवाद हो गया। मामला गालीगलौज के बाद मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के लोगों में लात घूसे और डंडे चटकने लगे। इसमें दूल्हे का भांजा महेंद्र कुमार, ओमप्रकाश व वधू पक्ष के मुन्ना समेत चार लोगों के सिर फट गए। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई।
गेस्ट हाउस के बाहर मारपीट होने से जाम लग गया। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहने से सड़क के दोनों ओर दर्जनों की संख्या में वाहन फंस गए। पुलिस ने एक-एक कर वाहनों को निकाला। तब जाम खुल सका। बाद में दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मारपीट की घटना के चलते करीब एक घंटे तक शादी की रश्में बाधित रहीं। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।