खरेला (महोबा)। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार की रात खरेला पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब चोरी व डकैती की योजना बना रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस, कटर व पेचकस बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य घटनाओं के विषय में कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
गुरुवार की रात करीब 10 बजे खरेला पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि खरेला मुस्करा मार्ग में दाता आश्रम बगिया के पास कुछ आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष खरेला आनंद कुमार ने पुलिस फोर्स के साथ छापा मारा और चोरी की योजना बना रहे आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम जीतेंद्र निवासी मझगवां, उदयभान, जगभान निवासी राठ, सीताराम निवासी बिलवई व सुनील निवासी चिल्ला हमीरपुर बताए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 315 बोर का तमंचा, चार जिंदा कारतूस व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ डकैती की योजना बनाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए लोगों से विभिन्न घटनाओं के विषय में पूछताछ की जा रही है।
चोरी व डकैती की योजना बनाते पांच आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस, कटर व पेचकस बरामद