भरवारा महोबा। विकासखंड पनवाड़ी के ग्राम भरवारा में रविवार की रात बिजली के तारों के आपस में टकराने से 10 घरों में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया। जिससे उपभोक्ताओं के घरों में चल रहे कूलर, पंखा व अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंककर बर्बाद हो गए। घटना में हजारों की क्षति होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। फाल्ट होने से पूरी रात बिजली गुल रही।
ग्राम भरवारा में गांव के बीच से हाईटेेंशन लाइन निकली है। विद्युत तारों के जर्जर हो जाने से लोगों को बड़े हादसों का खतरा मंडराता रहता है। 20 दिन पहले हाईटेेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से घर के दरवाजे पर सो रहा वृद्घ खज्जू राजपूत करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया था। कोई भी सरकारी सहायता न मिलने पर वह आज भी चलने फिरने में असमर्थ है। रविवार की रात गांव में लगी डीपी के समीप बिजली तारों के आपस में टकराने से उपभोक्ताओं के घरों में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया। जिससे जीतेंद्र विश्वकर्मा का कूलर, विजयकांत का कूलर, पंखा, टीबी, जीतेंद्र विश्वकर्मा का कूलर, राधेश्याम का पंखा, अशोक राजपूत, राजू राजपूत आदि के बिजली उपकरण फुंक गए। सोमवार को ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बाद भी अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे है। जिससे आएदिन घटनाएं हो रही है। ग्रामीणों ने जांच कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। उधर विद्युत विभाग के अवर अभियंता शैलेंद्र कुमार का कहना है कि घरों में हाईवोल्टेज करंट आने की सूचना मिली है। जिसकी जांच कराई जाएगी।
10 घरों में दौड़ा हाईवोल्टेज करंट
-हजारों के उपकरण फुंके, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने काटा हंगामा
- 20 दिन पहले हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से हो चुकी है घटना