चरखारी महोबा। पत्नी की मारपीट करने और तलाक देकर घर से बाहर निकालने के मामले में पत्नी ने पति, सास और ननद समेत पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली चरखारी में अपर एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पीड़िता के ससुरालीजन फरार है।
चरखारी कस्बे के मोहल्ला भैरवगंज निवासी रजिया की शादी एक साल पहले थाना खरेला के ग्राम पहरेथा में निहाल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति और ससुरालीजन रजिया को प्रताड़िता करते थे। अक्सर सिगरेट से जलाना और मारपीट करना आम बात हो गई थी। जिससे रजिया अपने ही घर में गैरों की तरह रहती थी। दो दिन पहले खाना बनाते समय रोटी जल जाने पर पति ने उसकी मारपीट की और तीन तलाक बोलकर घर से बाहर निकाल दिया।
पीड़िता रजिया ने रविवार को अपर एसपी वंशराज यादव को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। अपर एसपी ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे। अपर एसपी के आदेश पर कोतवाली चरखारी में रजिया के पति निहाल, सास नफीसा खातून, ननद रहीसन, मौसा शफीक खान, मसरूफ समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
पत्नी को घर से निकालने पर पांच पर रिपोर्ट
- रोटी जलने की वजह से पति ने दिया था तलाक
-मुकदमा दर्ज होने पर ससुरालीजन हुए फरार
अमर उजाला ब्यूरो