नगदी व जेवर समेत कई लाख का माल ले गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। कस्बा पनवाड़ी के मोहल्ला तिवारीपुरा में गुरुवार की रात चोरों ने एक मकान से नगदी व जेवर समेत कई लाख का माल पार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाना पनवाड़ी में दी है।
मोहल्ला तिवारीपुरा निवासी बालादीन कुशवाहा गुरुवार की रात घर पर परिवार सहित सो रहे थे। रात में किसी समय समय दीवार फांदकर मकान में घुसे। दूसरे कमरे का ताला तोड़कर अटैची और बक्सों में रखी 10 हजार की नगदी , 6 तोला सोना व 800 ग्राम चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। सुबह जब परिजन जागे तो ताले टूटे व सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना थाना पनवाड़ी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। प्रभारी थानाध्यक्ष पनवाड़ी अशोक सेंगर का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध है। गृहस्वामी की पुत्री का कोई मुकदमा न्यायालय में चल रहा है, जिसमें जेवरात के बंटवारे को कहा गया था। घटना की पूरी जांच कराकर जल्द खुलासा किया जाएगा।