महोबा। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में कालीपहाड़ी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड सवार युवक को टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे में जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक पर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस दौरान करीब एक घंटे तक हाईवे जाम रहने से आवागमन ठप रहा।
थाना कबरई के गंज गांव निवासी पप्पू (45) पुत्र शिवबालक जंगल से बकरियों के लिए पत्तियां तोड़कर मोपेड से घर वापस लौट रहा था। तभी कालीपहाड़ी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे पप्पू सड़क पर गिर गया और चालक ने ट्रक चढ़ा दिया। हादसे में युवक मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान करीब एक घंटे तक जाम लगा रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। तब जाम खुल सका। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मोपेड ट्रक के नीचे घुसने से उसके परखच्चे उड़ गए।