महोबा। कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम भटेवराकलां में ससुराल आए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर जहर खिलाकर मार डालने का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।
जनपद हमीरपुर के थाना जरिया के ग्राम गोहांड निवासी नरेश (30) पुत्र प्रभुदयाल की ससुराल कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम भटेवराकलां में है। एक वर्ष पहले विवाद होने पर उसकी पत्नी मायके आ गई थी। रविवार को नरेश अपनी ससुराल पत्नी को लेने आया था। सोमवार की सुबह युवक गांव के बाहर स्थित तालाब के पास संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए। जहां डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के भतीजे राजेंद्र ने आरोप लगाया कि सुसरालीजनों ने विवाद के चलते जहर खिला दिया। जिससे उसकी मौत हुई है। सूचना पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। कोतवाली प्रभारी कुलपहाड़ बृजेंद्र सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। अभी तक कोई तहरीर नही मिली है। तहरीर मिली तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।