गृहस्वामी को बंधक बनाकर मकान में लगाई आग
आग से नगदी व खाद्यान्न जलकर हुआ राख
पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
पनवाड़ी। थानाक्षेत्र के एक गांव पार्टी की व्यवस्था न करने से नाराज दबंगों ने गृहस्वामी को बंधक बनाकर मकान में आग लगा दी। घटना में कच्चा मकान, नगदी व खाद्यान्न जलकर राख हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सलैया गांव खालसा निवासी बालादीन अहिरवार शनिवार की दोपहर घर पर था। तभी गांव के ही कुंवर बहादुर व रामसिंह यादव उर्फ मुन्ना शराब के नशे में उसके दरवाजे आ गए और पार्टी का इंतजाम करने की बात कहने लगे। इसका विरोध करने पर दबंग बौखला गए और बालादीन को बंधक बना लिया। इसके बाद मकान में आग लगा दी। आग की लपटें देख ग्रामीण व चौकीदार सरीफ मौके पर पहुंचा।
चौकीदार ने बालीदीन को बंधकमुक्त किया। ग्रामीणों ने आसपास के जलस्रोतों से पानी लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कच्चा मकान, 10 हजार की नगदी, खाद्यान्न व गृहस्थी का कीमती सामान जलकर राख हो गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने कुंवर बहादुर व रामसिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।