महोबा। सहारानपुर और कुशीनगर में जहरीली शराब पीने से 37 लोगों की हुई मौत के बाद जिले के आबकारी विभाग की नींद टूट गई है। शनिवार को आबकारी विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने चार स्थानों पर छापामारी करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब, बनाने के उपकरण व कच्ची शराब बरामद की है। इस अवैध कारोबार में लिप्त चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
जिलाधिकारी सहदेव के निर्देश पर शनिवार को जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। जिला आबकारी अधिकारी एमपी सिंह के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक रामकृष्ण चतुर्वेदी, कोतवाली प्रभारी विपिन त्रिवेदी ने टीम के साथ सबसे पहले बिच्छू पहाड़िया स्थित कबूतरा डेरा में छापा मारा। जहां से शराब बनाने के लिए तैयार एक हजार किलोग्राम लहन नष्ट कराया गया। साथ ही जमीन के अंदर दबी 40 लीटर कच्ची शराब व बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस ने मौके से सीमा पत्नी विशाल को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद टीम ने शहर की लाल पहाड़ियामें छापा मारा। जहां से 1200 किलोग्राम लहन नष्ट करने के साथ शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। टीम ने मौके से लक्ष्मी कबूतरा को 8 लीटर व सपना पत्नी करन को 7 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। आलमपुरा के कबूतरा डेरा में छापामारी के दौरान 150 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया। आबकारी निरीक्षक कुलपहाड़ ने कस्बा पनवाड़ी में छापा मारकर 300 किलोग्राम लहन नष्ट कराया गया। टीम ने मौके से गंगा पत्नी राजेश को 20 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। छापामारी से अवैध शराब बनाने और बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा रहा।
छापामारी में भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ चार गिरफ्तार
- हजारों किलोग्राम लहन किया नष्ट, शराब बनाने के उपकरण बरामद
- सहारनपुर और कुशीनगर में हुईं मौतों के बाद चेता आबकारी विभाग