अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। कोतवाली चरखारी के ग्राम बम्हौरीकलां में कर्ज से परेशान एक किसान ने जहर खाकर जान दे दी। किसान पर बैंक का तीन लाख और साहूकारों का भी कर्ज था। एक माह पहले किसान ने चार बीघा जमीन बेच दी थी। शनिवार की रात किसान ने पहले शराब पी और बाद में जहर खाकर जान दे दी।
ग्राम बम्हौरीकलां निवासी रामलखन कुशवाहा पुत्र नंही 18 बीघा भूमि का काश्तकार था। तीन साल पहले रामलखन ने इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक चरखारी से किसान क्रेडिट कार्ड पर तीन लाख रुपये कर्ज लिया था। इसके अलावा कुछ पैसा साहूकारों से भी उधार लिया था। कर्ज की अदायगी को लेकर परेशान रहता था।
बेटे नंदकिशोर ने बताया कि रात में पिता ने पहले शराब पी और शराब पीने के बाद जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी ले गए। डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने रामलखन को मृत घोषित कर दिया।
बेटे ने बताया कि कर्ज की अदायगी को लेकर पिता परेशान रहते थे। एक माह पहले चार बीघा भूमि बेच दी थी। कुछ पैसा बैंक और साहूकारों का अदा कर दिया था, लेकिन इस पैसे से बैंक का ब्याज ही चुक सका था। खेती में पैदावार न होने से कर्ज की अदायगी नहीं हो पा रही थी। सूचना पर आई पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। एसडीएम चरखारी मृदुल चौधरी का कहना है कि घटना की सूचना मिली है। लेखपाल को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
-किसान पर था बैंक का तीन लाख कर्ज, साहूकारों से भी लिए थे रुपये
-पहले पी शराब फिर जहर खाकर कर ली आत्महत्या