दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मायके आकर आपबीती बताई। रविवार को पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फफूंद क्षेत्र के काजीपुर निवासी शशिकला पुत्री रमेश चंद्र ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके पिता ने उसकी शादी इटावा जिले के बकेवर निवासी रोहित उर्फ पिंकू के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुरालीजन दहेज की डिमांड करने लगे। उसने यह बात परिजनों को बताई तो उन्होंने दहेज दे पाने में असमर्थता जताई।
इसके बाद से ससुरालियों आए दिन उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने इसका विरोध किया तो उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसने मायके आकर पूरी बात बताई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति रोहित, देवर आशू, ससुर राजकुमार, सास सरोजनी व बृजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।