जिले में दो महिलाओं की चोटी कटने से खौफ
महोबा। यूपी में दस्तक के बाद अब चोटीकटवा बुंदेलखंड के महोबा जिले तक आ गया है। शुक्रवार को जिले में दो महिलाओं की चोटी कटने से दहशत फैल गई। इन घटनाओं से महिलाएं खौफजदा है। चोटी कौन और कैसे काट रहा यह रहस्य बना है।
थाना अजनर के ग्राम सगुनियामाफ निवासी कसिया (55) पत्नी छिंगा अहिरवार घर में अकेली थी। उसके दोनाें बेटे रामस्वरूप और करने अपने पिता छिंगा के साथ दिल्ली में मजदूरी करते हैं। दोपहर के समय जमीन पर लेटकर सो गई। अचानक नींद खुलने पर महिला की चोटी कटी पड़ी थी।
यह देख महिला घबरा गई और शोर शराबा मचाया। आस पड़ोस की महिलाएं मौके पर पहुंची जब उन्होंने चोटी गायब देखी तो उनके भी होश उड़ गए। चोटी कटने के बाद से महिला बुरी तरह सहमी हुई है। सूचना पर थानाध्यक्ष अजनर रीता सिंह ने मौके पर पहुंच जांच की। थानाध्यक्ष ने घबराई महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराने को कहा।
दूसरी घटना कस्बा कबरई में घटित हुई। यहां की निवासी रानी दोपहर करीब दो बजे खाना खाकर अपनी बेटी के साथ लेट गई। जब उसकी नींद खुली तो बाल गायब थे और चोटी समीप में पड़ी थी। घटना से दहशतजदा महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई में भर्ती कराया गया। जहां चोटी कटने की घटना सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला की हालत में सुधार बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष कबरई बलजीत सिंह घटना को अफवाह करार दे रहे हैं।