अधिवक्ता ने लगाया लूटपाट का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। एक अधिवक्ता ने मारपीट के बाद लूटपाट करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही लुटेरे के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो अधिवक्ता शांत नहीं बैठेंगे।
शहर के मोहल्ला ढलेतनपुरा निवासी तारिक अजीज ने कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि गुरुवार को वह कचहरी जा रहा था। तभी मोहल्ले के ही राजू समेत दो लोगों ने उससे मारपीट कर 6,500 रुपये लूट लिए और मोबाइल तोड़ दिया। इसके बाद दोनों अभियुक्त फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर अधिवक्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर लूट का मुकदमा दर्ज किए जाने का दबाव बनाया। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी का कहना है कि अधिवक्ता तारिक अजीज और राजू पुत्र यासीन एक ही मोहल्ले में अगल-बगल रहते हैं। दोनों के बीच आपसी विवाद होने पर मारपीट हो गई। उनका कहना है कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।