कबरई (महोबा)। कस्बा के एक मोहल्ले में तीन दिन पहले घर में घुसकर नाबालिग लड़की से छेड़खानी और विरोध करने पर परिजनों से मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस ने चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। इससे पहले पुलिस ने दोनों पक्षों पर शांतिभंग की कार्रवाई कर मामला निपटा दिया था। अब सीओ के आदेश पर सोमवार की रात रिपोर्ट दर्ज की गई।
मोहल्ले में रहने वाली 14 वर्षीय लड़की 19 मार्च को घर के बाहर खड़ी थी। उसी दौरान मोहल्ले के एक युवक ने उस पर रंग डाल दिया। विरोध करने पर उसके साथ छेड़खानी की। सूचना पर लड़की के माता-पिता, भाई व परिवार के अन्य लोग पहुंच गए। इस पर आरोपी ने परिजनों को बुलाकर लड़की के घरवालों की पिटाई कर दी। पीड़ित लड़की के भाई ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में दी थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के साथ उसके परिवार के लोगों पर भी शांतिभंग की कार्रवाई कर दी। इसके बाद उन्होंने सीओ से न्याय की गुहार लगाई थी।
सीओ के आदेश पर सोमवार की रात कबरई थाने में आरोपी फिरोज, उसके भाई फिरदौस, पिता बबलू व शमशाद के खिलाफ घर में घुसकर छेड़खानी, मारपीट, धमकी व एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।