पनवाड़ी (महोबा)। क्षेत्र के राठ-पनवाड़ी मार्ग पर नकरा जंगल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर ट्रैक्टर-ट्राली, नकदी व मोबाइल फोन लूट लिया। भागते समय बदमाश युवक को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंक गए। छह घंटे बाद होश आने पर युवक ने थाना पनवाड़ी पहुंच और पुलिस को अप बीती बताई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
श्रीनगर थाना क्षेत्र के पवा गांव निवासी राजेश राजपूत बुधवार की रात करीब आठ बजे ट्रैक्टर-ट्राली लेकर हमीरपुर जिले के कस्बा राठ जा रहे थे। राठ-पनवाड़ी मार्ग पर नकरा जंगल के पास सुनसान स्थान पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने हाथ देकर ट्रैक्टर को रोक लिया। उन्होंने राजेश को बताया कि उनकी बाइक खराब हो गई है। इसे ट्राली में रखकर राठ तक ले चलो। राजेश ने मदद करते हुए बाइक को ट्राली में रख लिया और राठ के लिए चल दिया। रास्ते ंमें बदमाशों ने नशीला पदार्थ लगे रुमाल से राजेश का मुंह दबा दिया। इससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद बदमाशों ने उसे बेहोशी की हालत सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया और ट्रैक्टर-ट्राली लेकर भाग गए।
घटना के छह घंटे जब राजेश को होश आया। तब तो उसने देखा कि ट्रैक्टर-ट्राली गायब है। जेब में रखे पांच हजार रुपये व मोबाइल भी बदमाश ले गए। राजेश ने एक राहगीर की मोबाइल से घरवालों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह थाने पहुंचा और तहरीर दी। थानाध्यक्ष शिव आसरे का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।