आग से धूं-धूंकर जलतीं दुकानें।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। हमीरपुर चुंगी स्थित किराना दुकान में बुधवार की रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। तेज हवा चलने से आग ने तीन अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। अग्निशमन दस्ते ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक चारों दुकानों में रखा लाखों रुपये कीमत का सामान जलकर नष्ट हो गया।
विकास कटारे की सड़क किनारे किराना की दुकान है। बुधवार देर रात दुकान के पास रखे ट्रांसफार्मर में फाल्ट से शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे दुकान में आग लग गई। आग की लपटें व धुएं का गुबार उठने पर पुलिस कर्मियों ने दुकानदार और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। आग की चपेट में तीन अन्य दुकानें भी आ गईं। दमकल कर्मियों ने लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। विकास कटारे की दुकान में रखा लाखों रुपये कीमत का सामान जल गया। कासिम की कबाड़ की दुकान, शोभा की कोल्ड ड्रिंक्स व गुटका और ओम बाबू की किराना की दुकान में रखा कीमती समान जल गया। विकास के भतीजे ऋषभ का आरोप है कि वह बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन करते रहे लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इससे आग बुझाने के दौरान विकास करंट की चपेट में आकर झुलस गया।