अजनर (महोबा)। शराब ठेकेेदार की गोली मारकर हत्या में नया मोड़ आ गया है। ठेकेदार के पिता ने शराब फैक्टरी में काम करने वाली एक महिला से अवैैध संबंध होने के शक में गोली मारकर हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने महिला समेत दो लोगों के खिलाफ षड्यंत्र व हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
धवर्रा गांव निवासी अजय पाल मध्यप्रदेश के नौगांव में शराब ठेकेदार था। उसी शराब फैक्टरी में शिकारपुरा नौगांव निवासी कंदू यादव व रागनी काम करती थी। 28 मई की रात अजय पाल बाइक से रागनी को बैठाकर घर लौट रहा था। रास्ते में उसने रागनी को घर जाने के लिए उतार दिया। इसी दौरान कंदू यादव मिल गया और रागनी से बात करने लगा। अजय के पिता रामलाल का आरोप है कि कंदू यादव के रागनी से अवैध संबंध थे। इसी शक में अजयपाल को गोली मार दी। झांसी में इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने कंदू यादव व रागनी के खिलाफ हत्या व षड्यंत्र की रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष लाखन सिंह का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।