पनवाड़ी (महोबा)। सब्जी बाजार में तरबूज बेच रहे दुकानदार पर पड़ोसी दुकानदार ने चाकू से हमला कर दिया। माथे पर चाकू लगने से युवक घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी पनवाड़ी में भर्ती कराया गया है। पीड़ित का आरोप है कि हमले के बाद आरोपी ने 10 हजार की नगदी भी छीन ली।
अलीपुरा गांव निवासी रफीक सब्जी मंडी तरबूज बेंच रहा था। ग्राहकों को दस रुपये किलो तरबूज बेंचने पर पड़ोसी दुकानदार ने सस्ती दर पर तरबूज बेंचने का विरोध किया। जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला गाली गलौज के बाद मारपीट तक पहुंचने पर पड़ोसी दुकानदार ने रफीक पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। जिससे रफीक घायल होकर गिर गया। घटना के बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। दुकानदार को अस्पताल भेजा गया। पीड़ित ने जेब में पड़ी 10 हजार रुपये की नकदी छीनने का आरोप लगाया है।